• March 15, 2022

UP में मरम्मत के बाद काम पर लौटा बुलडोजर, माफिया बदन सिंह बद्दो के करीबी बने निशाना

UP में मरम्मत के बाद काम पर लौटा बुलडोजर, माफिया बदन सिंह बद्दो के करीबी बने निशाना

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) के शपथ ग्रहण से पहले ही एक बार फिर बुलडोजर काम पर लौट आया है। मेरठ के ट्रांसपोर्ट नगर में प्रशासन ने मंगलवार को इनामी बदमाश की अवैध प्रॉपर्टी को ढहा दिया। माफिया ने सरकारी जमीन पर कब्जा करके करोड़ों की प्रॉपर्टी बनाई थी। हाल ही में यूपी में दोबारा बहुमत हासिल करने वाले योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने चुनाव प्रचार के दौरान दावे किए थे कि बुलडोजरों को मरम्मत के लिए भेजा गया है और 10 मार्च को एक बार फिर इन्हें काम पर लगा दिया जाएगा।

वादे के अनुसार यूपी में भाजपा की सरकार बनते ही अपराधियों और माफियाओं के अवैध कब्जे और प्रॉपर्टी पर बुलडोजर चलना शुरू हो गया है। इसी क्रम में टीपी नगर के जगन्नाथपुरी में कुख्यात अपराधी और वांटेड बदन सिंह बद्दो (Badan Singh Baddo) के कब्जे वाली कुछ दुकानों पर पुलिस प्रशासन और MDA की टीम ने बुलडोजर चलाया। इस दौरान दुकानों का ध्वस्तीकरण किया गया। मेरठ के थाना टीपीनगर क्षेत्र के जगन्नाथ पुरी इलाके में बदन सिंह और उसके कुछ साथियों ने सरकारी पार्क पर अवैध कब्जा किया था। पार्क पर कब्जा करके फैक्ट्री बनाई गई थी और कुछ दुकानों का निर्माण किया था।

बता दे की पूर्व में इसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर चुकी थी। इसी मामले में मंगलवार को इसी जमीन पर बनी दुकान और अस्थाई निर्माण को बुल्डोजर से ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान एमडीए और टीपीनगर थाने की पुलिस फोर्स मौजूद रही। जिसके बाद पार्क की करोड़ों की जमीन को कब्जा मुक्त करा दिया गया। बदन सिंह बद्दो 2019 में मेरठ से ही फरार हो गया था। इसके बाद से उत्तर प्रदेश सरकार बद्दो के साथियों पर शिकंजा कसने में लगी हुई है। बदन सिंह की तलाश भी की जा रही है, लेकिन ढाई लाख का इनामी बदन सिंह बद्दो पुलिस के हाथ नहीं लग सका है।

Spread the love