• November 12, 2022

गुजरात चुनावः नरेंद्र मोदी स्टेडियम का नाम बदलेंगे, देंगे 10 लाख सरकारी नौकरी

गुजरात चुनावः नरेंद्र मोदी स्टेडियम का नाम बदलेंगे, देंगे 10 लाख सरकारी नौकरी

इंटरनेट डेस्क। गुजरात विधानसभा चुनाव (Gujarat Assembly elections) के पहले चरण के लिए नामांकन की प्रक्रिया के बीच राजनीतिक दलों में मतदाताओं को अपने-अपने पाले में करने की जद्दोजहद तेज होती नजर आ रही है. कांग्रेस ने गुजरात चुनाव के लिए शनिवार को अहमदाबाद में पार्टी का घोषणा पत्र जारी किया। इसमें 10 लाख सरकारी नौकरियां, किसानों की कर्ज माफी और हर महीने 300 यूनिट तक फ्री बिजली देने का वादा किया। कांग्रेस ने अपने मेनिफेस्टो में भारी-भरकम दावे किए, लेकिन इसमें वादों से ज्यादा विवादों की छाया नजर आ रही है।

पार्टी ने अहमदाबाद में नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) का नाम बदलकर सरदार पटेल करने का ऐलान किया। वहीं, बिलकिस बानो गैंगरेप केस के दोषियों की रिहाई रद्द कर उन्हें फिर जेल भेजने की बात भी कही। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में कहा कि सत्ता में आने पर 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। इनमें महिलाओं को 50% आरक्षण मिलेगा। सरकारी की भर्ती में भ्रष्टाचार और बार-बार पेपर लीक होने की घटनाओं को रोकने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का वादा भी किया गया है। साथ ही बेरोजगारों को 3000 रुपए बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया है।

1. गृहणियों के लिए- कांग्रेस ने वचनपत्र में कहा है कि गृहणियों को 500 रुपए में गैस सिलेंडर दिए जाएंगे। गैंस सिलेंडर पर बाकी के रुपए सरकार सब्सिडी के रूप में भरेगी।

2. छात्रों के लिए- छात्रों की शिक्षा के लिए विशेष योजनाएं बनाई जाएगी। उच्च शिक्षा की फीस में 20% की कमी की जाएगाी। अन्य सेवा शुल्क खत्म किए जाएंगे।

3. किसानों के लिए- किसानों के कर्ज माफ किए जाएंगे। तालाब बनाने के लिए सरकार सब्सिडी देगी। नहर से खेत तक फ्री में पानी पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।

4. दलित-ओबीसी और अल्पसंख्यकों के लिए- स्थानीय निकाय चुनावों में इन समुदायों को आरक्षण दिया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया में भी प्राथमिकता देकर अंत्योदय के सिद्धांतों को लागू किया जाएगा।

5. पंचायत सेवकों के लिए- पंचायतों से छीनी गई शक्तियां उन्हें वापस लौटाईं जाएंगी। भ्रष्टाचार की रोकथाम और मनरेगा के लिए समय पर भुगतान को प्राथमिकता दी जाएगी।

 317 total views,  2 views today

Spread the love