• November 21, 2023

LIVE Rajasthan Election 2023: करौली में PM मोदी बोले- जादूगर कितना भी जादू करे, तीन दिसंबर को कांग्रेस छूमंतर

LIVE Rajasthan Election 2023: करौली में PM मोदी बोले- जादूगर कितना भी जादू करे, तीन दिसंबर को कांग्रेस छूमंतर

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान के करौली में मंगलवार को पीएम मोदी ने चुनावी सभा को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। वहीं, विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने अपना जनघोषणा पत्र जारी कर दिया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने इसे जारी करते हुए जनता से कई वादे किए हैं।

 

पीएम मोदी ने कहा कि राज्य में कानून का राज हो यह राज्य की पहली जिम्मेदारी होती है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि जब से यहां कांग्रेस की सरकार बनी है तब से राजस्थान में हर तीज-त्योहार के दौरान दंगे होते रहे हैं। एक तरह से हर वर्ष राजस्थान में कोई न कोई बड़ा दंगा जरूर हुआ है। मैं छोटे दंगों की बात नहीं कर रहा हूं। मैं बड़े दंगों की बात करता हूं, जिसने देश को चौंका दिया। अक्टूबर 2019 में टोंक में बड़ा दंगा, 2020 में डूंगरपुर में बड़ा दंगा, 2021 में झालावाड़ और बारां में दो बड़े दंगे और 2022 में फिर कांग्रेस ने जोधपुर और करौली को दंगों की आग में झोंक दिया।

उन्होंने कहा कि पिछले साल नववर्ष की शोभायात्रा के दौरान करौली में जो कुछ हुआ क्या आप लोग उसे भूल सकते हैं क्या। यहां पत्थरबाजी में कितने ही लोग लहू-लुहान हो गए, घायल हो गए, कितनों का व्यापार-कारोबार चौपट हो गया। कहीं परशुराम जयंती पर हमला, कहीं नववर्ष की शोभायात्रा पर हमला और कभी दशहरे के जुलूस पर हमला। ये हमले क्यों रुकते नहीं हैं भाई। ये हमले इसलिए नहीं रुकते हैं क्योंकि दंगों के आरोपी मुख्यमंत्री के आवास पर दावत करते हैं। ये अपराधियों को दावत दे क्या वो कांग्रेस आपकी रक्षा कर सकती है।

पीएम ने कहा कि आपके पास बंगला, गाड़ी, खेत-खलिहान और सभी सुख-सुविधाएं हों जीवन में कोई कमी न हो। इसके बाद भी आपका जवान बेटा-बेटी शाम घर न लौटे और उसकी डेडबॉडी आ जाए तो ये सुख-सुविधाएं किस काम की। अगर आपको रक्षा नहीं मिलती है, अगर आपका जीवन सुरक्षित नहीं है, बेटा बाहर जाए तो शाम को घर लौटेगा कि नहीं लौटेगा इसका मां-बाप को तनाव हो तो रुपयों का क्या करोगे दोस्तों। इसलिए शांति और सुरक्षा राजस्थान में विकास के लिए बहुत जरूरी है।

 100 total views,  2 views today

Spread the love