• August 8, 2022

नेता श्रीकांत त्यागी पर चला योगी का बुलडोजर, तोड़ा गया अवैध कब्जा

नेता श्रीकांत त्यागी पर चला योगी का बुलडोजर, तोड़ा गया अवैध कब्जा

नई दिल्ली। नोएडा ग्रैंड ओमैक्स सोसायटी में मचे बवाल के बाद अब गालीबाज गुंडे श्रीकांत त्यागी (Shrikant Tyagi) के खिलाफ योगी सरकार का बुलडोजर ऐक्शन शुरू हो गया है। रविवार की रात लगातार दूसरे दिन हुए हंगामे के बाद सोमवार की सुबह पुलिस और प्रशासन के साथ बुलडोजर भी सोसाइटी पर पहुंच गया। साथ में हथौड़ा लेकर कर्मचारी भी पहुंचे। महिला के साथ गालीगलौच और अभद्रता करने वाला श्रीकांत त्यागी अभी भी फरार है। उसके अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन का हथौड़ा चल रहा है। वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाते हुए योगी जिंदाबाद के नारे लगाए।

रविवार रात ही त्यागी के 15 गुर्गे सोसाइटी में घुस आए थे। उन्होंने यहां लोगों पर पत्थरबाजी की और मारपीट की। इससे पहले श्रीकांत त्यागी ने सोसाइटी की एक महिला और उसके पति को गालियां दी थीं। त्यागी की गिरफ्तारी के लिए 12 टीमें लगाई गई हैं। वीडियो वायरल होने के बाद से श्रीकांत त्यागी फरार है। तलाश में पुलिस ने दिल्ली, उत्तराखंड व UP में दबिश दी है। अफसरों ने कहा कि श्रीकांत त्यागी पकड़ा नहीं जाता, तब तक श्रीकांत त्यागी के घर के बाहर पुलिस तैनात रहेगी। परिवार के हर मूवमेंट पर नजर रखी जाएगी। पुलिस ने आरोपी की चार महंगी गाड़ियों को जब्त कर लिया है।

पुलिस को श्रीकांत त्यागी की लास्ट लोकेशन हरिद्वार और ऋषिकेश के बीच मिली है। उसका करीब 10 बार फोन ऑन-ऑफ हुआ है। वह हरिद्वार में एक जगह CCTV में भी कैद हुआ है। घटना के बाद नोएडा पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने थाना फेस-2 के प्रभारी सुजीत उपाध्याय को सस्पेंड कर दिया। उनकी जगह परम हंस तिवारी को लाया गया। फरार श्रीकांत त्यागी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई होगी। इसके अलावा आरोपी नेता की संपत्ति भी कुर्क की जाएगी।

 407 total views,  2 views today

Spread the love